PRAYAGRAJ ZONE BUREAU: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शनिवार (1 फरवरी, 2025) को महाकुंभ मेला क्षेत्र में पहुंचे। वो अपने परिवार के साथ हेलिकॉप्टर से प्रयागराज पहुंचे थे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका अंगवस्त्र ओढ़ाकर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने गंगा, यमुना और सरस्वती के पवित्र संगम में स्नान किया और इस अवसर को जीवन धन्य करने वाला क्षण बताया।
बता दें कि संगम के चिह्नित स्थल पर स्वस्ति वाचन के मध्य उन्होंने सिर पर शिवलिंग रखकर श्रद्धा की डुबकी लगाई। इस दौरान वृंदावन के मुख्य पुजारी पुंडरीक गोस्वामी ने पूजन संपन्न कराया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से त्रिवेणी संगम के महत्व के बारे में भी चर्चा की और जनकल्याण का संकल्प लिया।
उपराष्ट्रपति ने संगम में स्नान के पहले उन्होंने घाटों पर स्नान कर रहे श्रद्धालुओं का अभिवादन किया और स्नान के बाद “तीर्थराज प्रयाग की जय” और “हर-हर महादेव” के जयकारे लगाए। संगम में स्नान करने के साथ ही उन्होंने क्रूज पर सवार होकर नौकायन का आनंद लिया। नौकायन के दौरान साइबेरियन पक्षियों को देखकर उपराष्ट्रपति धनखड़ उत्साहित हो उठे। उन्होंने अपने हाथों से पक्षियों को दाना डाला और परिवार के साथ इस आनंददायक क्षण का लुत्फ उठाया।
संगम में स्नान के बाद उपराष्ट्रपति सरस्वती कूप, अक्षय वट और बड़े हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत पूजा की। हनुमान जी को रोली, वस्त्र, जनेऊ, सिंदूर, लाल चंदन, माला, धूप-दीप और नैवेद्य अर्पित किया और हनुमान जी की परिक्रमा कर आशीर्वाद लिया। योगी आदित्यनाथ से इन स्थलों के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व पर चर्चा की।
महाकुंभ की तैयारियों को देखकर उपराष्ट्रपति धनखड़ प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि अपने जीवन में इतना भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित महाकुंभ का आयोजन पहले कभी नहीं देखा। यहां आकर जीवन धन्य हो गया।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही औद्योगिक विकास मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रीगण और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। बता दें कि महाकुंभ मेले की शुरुआत से अब तक करीब 32 करोड़ लोगों ने स्नान कर लिया है।
UP HIGHLIGHTS में प्रकाशित ये ख़बरें भी पढ़िए-
MAHAKUMBH 2025: CM योगी ने की राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति से मुलाकात, महाकुंभ में आने का दिया न्योता

