PRAYAGRAJ ZONE BUREAU: हिंदू धर्म में खरमास के समापन के बाद 15 अप्रैल से विवाह के मुहूर्त हैं। इस दौरान प्रयागराज के भी कई घरों में शहनाई बजनी है। कई परिवारों ने शादी समारोह में शामिल होने के लिए मेहमानों को भी निमंत्रण भी भेज दिया है लेकिन पिछले एक महीने से ज्यादा वक्त से चल रही एलपीजी सिलिंडर की किल्लत के चलते शादी वाले घरों में मेहमानों के खाने के इंतजाम को लेकर चिंता बनी हुई है। किसी के पिता तो किसी के भाई शादी का कार्ड और प्रार्थना पत्र लेकर एजेंसियों, तेल कंपनियों और जिला आपूर्ति कार्यालय पहुंच रहे हैं।
मुंडेरा के रहने वाले पवन कुमार शर्मा ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 26 अप्रैल को है। कई मेहमानों को शादी समारोह का निमंत्रण दे चुके हैं। कई और मेहमानों को निमंत्रित करना है। एक गेस्ट हाउस में शादी समारोह के दौरान करीब 700 मेहमान आएंगे। उनके खाने के लिए हलवाई ने करीब 10 सिलिंडर की जरूरत बताई है, लेकिन हम छह की ही मांग कर रहे हैं। हमारा कनेक्शन नेहरू पार्क के नजदीक स्थित अग्रिम इंडेन सर्विस से है। गैस एजेंसी और इंडियन ऑयल के अधिकारियों से छह सिलिंडर के लिए बात कर चुके हैं। अधिकारियों के मुताबिक छह सिलिंडर मिलना मुश्किल है। इसके बाद अब जिला आपूर्ति अधिकारी को भी शादी के कार्ड के साथ प्रार्थना पत्र देंगे।
इसी तरह राजापुर के रहने वाले संजय कुमार भी अपनी भाई के शादी समारोह में खाने के लिए सिलिंडर के इंतजाम के लिए परेशान दिखे। उन्होंने बताया कि उनके भाई की शादी 19 अप्रैल को धूमनगंज में होगी। इसके बाद 22 मार्च राजापुर में प्रीतिभोज होना है। कई मेहमानों को शादी समारोह का निमंत्रण दे चुके हैं। हलवाई ने सात सिलिंडर की जरूरत बताई है। शादी का कार्ड और प्रार्थना पत्र लेकर अशोक नगर में मंजू चंद्रा गैस एजेंसी पहुंचे। फिर इंडियन ऑयल के कार्यालय में बात की। इसके बाद जिला आपूर्ति कार्यालय में जाकर शादी का कार्ड के साथ प्रार्थना पत्र दिया है। दो दिन बाद फिर से आने के लिए कहा गया है।
UP HIGHLIGHTS में प्रकाशित ये ख़बरें भी पढ़िए-

