PRAYAGRAJ ZONE BUREAU: एलपीजी सिलेंडर कब मिलेगा? बुकिंग के बाद डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) आने और डिलीवर का मैसेज मिलने के बावजूद कई उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। प्रयागराज में मम्फोर्डगंज स्थित अमर ज्वाला गैस सर्विस के बाहर मंगलवार दोपहर कतार में लगे कटरा के रहने वाले शैलेंद्र मिश्रा ने बताया कि 22 मार्च को बुकिंग कराई। 24 मार्च को डिलीवर होने का मैसेज भी आ गया लेकिन 31 मार्च तक सिलेंडर नहीं मिल सका। उन्होंने कहा कि वो प्राइवेट जॉब करते हैं, बार-बार सिलेंडर के लिए एजेंसी आने की वजह से छुट्टी लेनी पड़ रही है।
इसी एजेंसी के बाहर कतार में लगे मम्फोर्डगंज के रहने वाले अरविंद कुमार ने बताया कि 26 मार्च को बुकिंग करवाई और 28 मार्च को डिलीवर का मैसेज भी आ गया, लेकिन अब तक सिलेंडर नहीं मिला है। लकड़ी जलाकर घर में खाना बन रहा है और व्यवसाय भी बताया प्रभावित हो रहा है।
वहीं, सम्मेलन मार्ग स्थित संगम गैस सर्विस में मंगलवार दोपहर मुट्ठीगंज की रहने वाली उत्तमा सुशील अग्रहरि भी कर्मचारियों से अपने सिलेंडर के बारे में पूछती नजर आईं। उन्होंने बताया कि पहले आठ मार्च से सिलेंडर बुक करने की कोशिश की। 12 मार्च को बुक हुआ और 13 मार्च को डीएसी रद्द कर दिया गया। 19 मार्च को फिर बुक किया और उसके बाद डिलीवर होने का मैसेज भी आ गया, लेकिन अब तक सिलेंडर नहीं मिला। एजेंसी में पांच अप्रैल तक सिलेंडर दिए जाने की संभावना जता रहे हैं।
इसी एजेंसी से जुड़े जानसेनगंज के रहने वाले मोहम्मद आरिफ ने बताया कि एक मार्च को सिलेंडर बुक किया और उसी डिलीवर होने का मैसेज भी आ गया लेकिन सिलेंडर नहीं मिला। इसके बाद 28 मार्च को फिर बुक किया। डीएसी आ चुका है लेकिन एजेंसी में बैठे कर्मचारियों का कहना है कि करीब 15 दिन बाद ही होम डिलीवर किया जाएगा। पिछले दो हफ्ते से लगातार एजेंसी आने के चलते मार्केटिंग का उनका काम भी प्रभावित हो रहा है।
UP HIGHLIGHTS में प्रकाशित ये ख़बरें भी पढ़िए-

