उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब सहपऊ कोतवाली क्षेत्र के जलेसर रोड पर स्थित एक गंदे नाले में एक यूट्यूबर पत्रकार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। नगला ब्राह्मण गांव के पास नाले में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही राहगीरों और स्थानीय लोगों का भारी जमावड़ा लग गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर शव को नाले से बाहर निकाला।

मृतक की पहचान सदर कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली वाला मोहल्ला निवासी वेद प्रकाश उर्फ सोनू पुत्र राम प्रकाश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोनू एक यूट्यूबर पत्रकार के रूप में सक्रिय था और वह पूर्व पत्रकार बंशीधर नरेश का नाती था।घटनास्थल पर मिले साक्ष्य और मृतक के शरीर पर मौजूद चोट के निशानों ने इस मामले में हत्या की प्रबल आशंका पैदा कर दी है। स्थानीय लोगों और परिजनों का मानना है कि युवक की हत्या करने के बाद साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को नाले में फेंका गया है।

सूचना पाकर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से बारीकी से साक्ष्य जुटाए हैं ताकि मौत की गुत्थी सुलझाई जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और असली वजह रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया है और कॉल डिटेल्स व अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
पढ़े यूपी हाइलाइट्स की अन्य खबरें:-
- PRAYAGRAJ NEWS: प्रयागराज में चार साल की सत्या ने अपने जन्मदिन पर तैरते हुए पार की यमुना नदी, प्रशिक्षकों की मौजूदगी में 21 मिनट 28 सेकंड तक की तैराकी
- LPG CYLINDER CRISIS: डिलीवर का मैसेज मिलने के बावजूद नहीं मिल रहा एलपीजी सिलेंडर, उपभोक्ता हो रहे परेशान
- हाथरस: नाले में मिला पत्रकार का शव, शरीर पर चोट के निशानों से हत्या की आशंका
- HATHRAS NEWS:भाकियू जिलाध्यक्ष संजीव सूर्यवंशी के नेतृत्व में सासनी पुलिस को सौंपा ज्ञापन…राकेश टिकैत गिरफ्तारी पर जताया रोष
- LPG CRISIS UPDATE: गैस एजेंसियों में बढ़ रहा बैकलॉग, एलपीजी सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं को करना पड़ रहा लंबा इंतजार

