HIGHLIGHTS NEWS DESK: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने राजस्व लेखपाल के 7,994 पदों पर सीधी भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। अनारक्षित वर्ग के लिए 4165 पद, अनुसूचित जाति के लिए 1446 पद, अनुसूचित जनजाति के लिए 150 पद, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 1441 पद और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 792 पद रखे गए हैं। महिला उम्मीदवारों के लिए 1592 पद, भूतपूर्व सैनिकों के लिए 391 पद, उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए 152 पद और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों के लिए 152 पद तय किए गए हैं। दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए भी पद सुरक्षित किए गए हैं।
लेखपाल भर्ती के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 साल और अधिकतम आयु 40 साल तय की गई है. आरक्षित वर्गों जैसे एससी, एसटी और अन्य पात्र श्रेणियों को सरकार के नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। इन पदों के लिए उम्मीदवार का इंटरमीडिएट पास होना जरूरी है। इस भर्ती में वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने पीईटी 2025 की परीक्षा दी है। जिन उम्मीदवारों को पीईटी में शून्य या नकारात्मक अंक मिले हैं, उन्हें शॉर्टलिस्ट नहीं किया जाएगा।
राजस्व लेखपाल के इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 29 दिसंबर 2025 से शुरू होंगे और आवेदन की अंतिम तारीख 28 जनवरी 2026 है। आवेदन में किसी तरह की गलती में 4 फरवरी 2026 तक संशोधन किया जा सकेगा। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in के जरिेए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती में आवेदन शुल्क सभी वर्गों के लिए समान रखा गया है। सामान्य, ओबीसी, एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस सभी उम्मीदवारों को 25 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। आवेदन शुल्क यूपीआई या एसबीआई ई-चालान के जरिए दिया जा सकेगा।

