हाइलाइट्स:–

मिशन शक्ति, एसओजी और हसायन पुलिस की जांबाज कार्रवाई; वांछित बदमाश पंकज ने टीम पर की फायरिंग, आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी के बाद दबोचा गया। चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद।

खबर बिस्तर से:–

हाथरस। उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे संगठित अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो-टॉलरेंस नीति का पालन करते हुए, हाथरस पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के कड़े निर्देशानुसार चलाए जा रहे ‘अपराधी दरपकड़ अभियान’ के तहत, एसओजी टीम, हसायन थाना पुलिस और मिशन शक्ति टीम की संयुक्त कार्यवाही में एक 25,000 रुपये के इनामी शातिर वाहन चोर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए बदमाश ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया।

शातिर पंकज के पर में लगी गोली
मुठभेड़ और शातिर की जानकारी देते अशोक कुमार,अपर पुलिस अधिक्षक,हाथरस

गुप्त सूचना पर शुरू हुआ ‘ऑपरेशन पंकज’

यह पूरा ऑपरेशन बृहस्पतिवार देर रात शुरू हुआ। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में, जिले में अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए विशेष अभियान चल रहा है। इसी क्रम में, एसओजी टीम, हसायन पुलिस और मिशन शक्ति टीम मिलकर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी टीम को विश्वसनीय सूत्रों से गुप्त सूचना प्राप्त हुई। यह जानकारी मिली कि थाना हसायन क्षेत्र के जाउ गाँव को जाने वाले रास्ते के पास एक शातिर वाहन चोर मौजूद है और वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।

सूचना की गंभीरता को समझते हुए पुलिस टीम ने बिना देर किए त्वरित योजना बनाई और तत्काल संबंधित इलाके की ओर रवाना हो गई। पुलिस टीम ने जाउ गाँव को जाने वाले रास्ते पर पूरी घेराबंदी और सघन चेकिंग शुरू कर दी।

पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास

चेकिंग के दौरान, पुलिस टीम ने एक मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को आते हुए देखा। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो संदिग्ध ने पुलिस की चेतावनी को अनदेखा कर दिया और तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी को और मजबूत किया। खुद को चारों तरफ से घिरा हुआ देखकर, शातिर बदमाश हड़बड़ा गया। गिरफ्तारी से बचने की नीयत से उस शातिर अपराधी ने बिना किसी चेतावनी के सीधे पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से पुलिस टीम सकते में आ गई, लेकिन तुरंत संभलते हुए टीम ने मोर्चा संभाला और खुद को सुरक्षित करते हुए पोजिशन ली। पुलिस ने पहले अपराधी को चेतावनी दी, लेकिन जब वह लगातार फायरिंग करता रहा, तो टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की।

मुठभेड़ में घायल शातिर पंकज

जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ इनामी बदमाश

पुलिस और बदमाश के बीच जाउ मार्ग पर हुई इस पुलिस मुठभेड में पुलिस टीम की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह मोटरसाइकिल समेत घायल होकर गिर पड़ा। घायल होते ही बदमाश को निहत्था कर तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए शातिर अपराधी की पहचान पंकज पुत्र तेज उर्फ टयूबेल निवासी बस्तोई, थाना हसायन, जनपद हाथरस के रूप में हुई।

गिरफ्तारी के तुरंत बाद, पुलिस टीम ने मानवीयता दिखाते हुए घायल अभियुक्त पंकज को तत्काल उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भिजवाया।

घायल शातिर पंकज को लेकर जाते हुए मिशन शक्ति टीम एवं अन्य पुलिसकर्मी

बरामदगी और आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार अभियुक्त पंकज के कब्जे से पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकि, एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक ज़िंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त पंकज एक शातिर और अंतर्राज्यीय किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ थाना हसायन सहित जिले के अन्य थानों में चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट, आबकारी एक्ट और मारपीट जैसी गंभीर धाराओं में कई अभियोग पंजीकृत हैं। उसका विस्तृत आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

गैंग के दो साथी पहले ही जेल भेजे जा चुके थे

पुलिस के लिए पंकज की गिरफ्तारी इसलिए भी महत्वपूर्ण थी, क्योंकि वह एक बड़े अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का हिस्सा था। पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार, इसी गिरोह के दो अन्य शातिर चोर, अमित पुत्र सतेन्द्र निवासी करारमई और बॉबी पुत्र रामऔतार निवासी बदनपुर (दोनों थाना हसायन) को दिनांक 04.08.2025 को ही एसओजी टीम और थाना हसायन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। उस समय इन दोनों अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी की 05 मोटरसाइकिलें बरामद हुई थीं। इस पूरे गिरोह का मुख्य सदस्य पंकज ही था, जो तब से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा लगातार दबिश दी जा रही थी और 13.09.2025 को पुलिस अधीक्षक हाथरस द्वारा उस पर 25,000/- हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

उच्चाधिकारियों ने दी शाबाशी

एसपी हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली एसओजी टीम, थाना हसायन पुलिस और विशेष रूप से मिशन शक्ति/एन्टी रोमियो टीम के प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम

शातिर को गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में एसओजी प्रभारी धीरज गौतम मय एसओजी टीम। हसायन प्रभारी ललित कुमार मय टीम, एसआई श्रीचंद्रसोम, रीना , रुचि (मिशन शक्ति/एन्टी रोमियो टीम मौजूद थे।

गिरफ्तार अभियुक्त पंकज से पुलिस विस्तृत पूछताछ कर रही है, जिससे उसके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

पढ़ें यूपी हाइलाइट्स की अन्य खबरें:–

By Journalist Himanshu

Mr. Himanshu is a Television and Digital Journalist at Hathras District of Uttar Pradesh. He worked with many reputed media organizations. Presently he is attach with the Agra-Mathura Zone Bureau of UTTAR PRADESH HIGHLIGHTS. His position is Freelance Resident Editor at Hathras District. E-Mail: himanshukushwah8650@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *