KANPUR ZONE BUREAU जम्मू कश्मीर के पहलगाम स्थित बैसरन घाटी में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई। जिसमें एक कानपुर का भी युवक शुभम द्विवेदी शामिल था। शुभम के महाराजपुर स्थित घर में सुबह से ही डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार, डीसीपी पूर्वी एसके सिंह, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना समेत तमाम लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। मृतक के पीड़ित परिजनों को ढाढ़स बंधा रहे है। यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शुभम द्विवेदी के घर पहुंच कर सरकार के साथ खड़े होने का आश्वासन दिया।
पहलगाम हमले में मारे गए शुभम के पिता से सीएम योगी ने की बात
पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए कानपुर के शुभम द्विवेदी के पिता से सीएम योगी आदित्यनाथ ने फोन पर बातचीत की। उन्हें इस दुख की घड़ी में सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में कायरतापूर्ण आतंकी हमले में जनपद कानपुर के शुभम द्विवेदी जी का निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने शुभम के पिता संजय द्विवेदी से फोन पर बात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दुख की घड़ी में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। सीएम योगी ने प्रदेश के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शुभम द्विवेदी के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ उनके गृह जनपद कानपुर पहुंचाया जाए।
‘भारत सरकार इस जघन्य आतंकी हमले का माकूल जवाब दे’
इस घटना से पीड़ित परिजनों के साथ लोगों में भी आक्रोश है। परिजनों का कहना है कि भारत सरकार इस जघन्य आतंकी हमले का माकूल जवाब दे। दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाए। जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया, अनूप अवस्थी वीरेंद्र तिवारी ने भी अपनी शोक संवेदना व्यक्त की। उनका कहना है कि हम सभी शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और उनके परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हैं।
2 महीने पहले 12 फरवरी को हुई थी शुभम की शादी
दरअसल, पहलगाम हिंसा में आतंकवादियों की गोली का शिकार हुए शुभम द्विवेदी के घर शोक का माहौल है। अभी 2 महीने पहले ही 12 फरवरी को उनकी शादी हुई थी। मंगलवार को पहलगाम में आतंकियों ने शुभम को उनकी पत्नी के सामने ही गोली मार दी। शुभम के पिता संजय द्विवेदी सीमेंट के कारोबारी हैं। बताया जा रहा है कि शुभम का पार्थिव शव कल यानि गुरुवार को कानपुर पहुंचेगा। उनका अंतिम-संस्कार ड्योढ़ी घाट में किया जाएगा।
पीएम मोदी का कानपुर दौरा रद्द
आपको बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद कानपुर का दौरा स्थगित कर दिया है। वहीं कानपुर में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना पहलगाम आतंकी हमले में मृतक शुभम द्विवेदी के पैतृक गाव हाथीपुर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए कामना की। सतीश महाना ने कहा कि ऐसी घटना में हम अपनी सरकार की उपलब्धिया नहीं गिना सकते हैं।
UP HIGHLIGHTS में प्रकाशित ये ख़बरें भी पढ़िए-
मायावती ने योगी और मोदी सरकार को दी नसीहत, बोलीं- दलितों पर अत्याचार मामले में करें कार्रवाई

