KANPUR ZONE BUREAU : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में कानपुर निवासी शुभम द्विवेदी की भी गोली लगने से मौत हो गई। इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुभम के पिता से फोन पर बातचीत की। सीएम ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर यह जानकारी दी।
सीएम ने लिखा- जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना आतंकवादी हमले में कानपुर जिले के शुभम द्विवेदी की मृत्यु अत्यंत दुःखद है। आज मैंने उनके पिता संजय द्विवेदी जी से फ़ोन पर बात की और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
सीएम योगी ने और क्या कहा?
सीएम ने कहा कि दुख की इस घड़ी में उत्तर प्रदेश सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ परिवार के साथ खड़ी है। राज्य के संबंधित अधिकारियों को पार्थिव शरीर को सम्मान के साथ कानपुर लाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने लिखा कि- मैं प्रभु श्री राम से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। आपको बता दें कि पहलगाम हमले में 26 लोग मारे गए हैं, जिनमें 2 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
सीएम के अलावा प्रदेश के अन्य नेताओं ने भी पहलगाम हमले पर दुख जताया है। मैनपुरी की सांसद और समाजवादी पार्टी की नेता डिंपल यादव ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में बड़ी संख्या में पर्यटकों के हताहत होने की घटना अत्यंत दुखद है! ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। भावभीनी श्रद्धांजलि! वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस हमले पर दुख जताते हुए भारतीय जनता पार्टी पर सियासी कटाक्ष किया है।
दूसरी ओर, बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बैसरन घाटी का निरीक्षण किया, जहां कल हुए आतंकी हमले में कई लोगों की जान चली गई थी।
UP HIGHLIGHTS में प्रकाशित ये ख़बरें भी पढ़िए-
मायावती ने योगी और मोदी सरकार को दी नसीहत, बोलीं- दलितों पर अत्याचार मामले में करें कार्रवाई

