HIGHLIGHTS NEWS NETWORK: उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम बदला हुआ नजर आ रहा है। पिछले कुछ दिनों में कई जगहों पर तेज आंधी और बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आई है और मौसम सुहाना हो गया है। अप्रैल के आखिर में लोगों को गर्मी से राहत मिली और अब मई महीने की शुरुआत भारी बारिश के साथ होने जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक आज (1 मई) प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 6 मई तक तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।
पश्चिमी और पूर्वी दोनों मंडलों में बारिश का आसार
मौसम विभाग के मुताबिक आज पश्चिमी और पूर्वी दोनों मंडलों में कुछ जगहों पर बारिश की संभावना है। इस दौरान 25-35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जिसकी वजह से पूर्वी यूपी में गरज के साथ धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है।

2 मई को हिमालय क्षेत्र से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसकी वजह से आने वाले दिनों में भारी बारिश होगी। 5 मई तक प्रदेश में कई जगहों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 6 मई को एक-दो जगहों पर बारिश हो सकती है। बारिश से प्रदेश का मौसम सुहावना हो जाएगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
इन जिलों में अलर्ट जारी
आईएमडी के मुताबिक, आज यूपी के बागपत, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड, अमरोहा, संभल, बदांयू, कासगंज, एटा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, कन्नौज, फर्रुखाबाद, हरदोई, कानपुर देहात, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, फतेहपुर, कौशांबी, प्रतापगढ़, अमेठी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सुलतानपुर, प्रयागराज, जौनपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, वाराणसी, संत रविदास नगर, मीरजापुर, सोनभद्र और चंदौली में बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इस दौरान 30-40 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। पिछले 24 घंटों में उरई, बांदा, लखीमपुर खीरी, झांसी और फतेहपुर सबसे गर्म जिले रहे, जहां तापमान 41-42 डिग्री के आसपास रहा। हालांकि, इस सप्ताह लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
UP HIGHLIGHTS में प्रकाशित ये ख़बरें भी पढ़िए-

