HIGHLIGHTS NEWS NETWORK: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद् ने साल 2026 में होने वाली कक्षा दसवीं और बारहवीं की वार्षिक परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत 10वीं और 12वीं की परीक्षा एक साथ 18 फरवरी से शुरू होंगी और एक ही साथ 12 मार्च 2026 को समाप्त होंगी। निर्धारित तिथियों में दो-दो पालियों में परीक्षा रखी गई है। पहली पाली में परीक्षा सुबह 8:30 बजे से सुबह 11:45 बजे तक होगी। जबकि दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी।
10वीं की बोर्ड परीक्षा हिन्दी विषय के साथ शुरू होगी। हिन्दी के बाद सामाजिक विज्ञान (सोशल साइंस) की परीक्षा शुक्रवार 20 फरवरी 2026 को, अंग्रेजी की परीक्षा सोमवार 23 फरवरी, विज्ञान की परीक्षा बुधवार 25 फरवरी, गणित की परीक्षा शुक्रवार 27 फरवरी, संस्कृत की परीक्षा शनिवार 28 फरवरी को आयोजित की जा रही है।
12वीं की परीक्षाकी शुरुआत भी हिन्दी के साथ ही हो रही है। हिन्दी के बाद नागरिक शास्त्र का 19 फरवरी को, संस्कृत और अंग्रेजी का 20 फरवरी, इतिहास 21 फरवरी, जीव विज्ञान और गणित 23 फरवरी, अर्थशास्त्र 24 फरवरी, केमिस्ट्री और समाज शास्त्र 25 फरवरी, भूगोल 26 फरवरी, फीजिक्स और सैन्य विज्ञान 27 फरवरी, मानव विज्ञान 7 मार्च, मनोविज्ञान, शिक्षा शास्त्र और तर्कशास्त्र की परीक्षा 9 मार्च और कम्प्यूटर की परीक्षा 12 मार्च को होगा।

