PRAYAGRAJ ZONE BUREAU: सामान्य तौर पर हम सभी मोबाइल के खराब हो चुके पार्ट्स को फेंक दिया करते हैं, लेकिन अब ऐसा करना खुद को नुकसान पहुंचाना ही कहा जाएगा। दरअसल, बाजार में इन दिनों मोबाइल स्क्रैब के दाम बढ़ चुके हैं और शहर के प्रमुख मोबाइल बाजारों में इसकी कीमत पहले से कहीं ज्यादा मिल रही है।
स्क्रैब कारोबारी मोबाइल के खराब हो चुके मदर बोर्ड, बैटरी और फोल्डर की कीमत पहले से कई गुना ज्यादा दे रहे हैं। मोबाइल के दुकानदारों के मुताबिक खराब हो चुकी मदर बोर्ड जहां 100 रुपये में बिकती थी, वहीं अब इसकी कीमत 8 गुना बढ़कर करीब 800 रुपये मिल रही है। इसकी तरह मोबाइल की खराब हो चुकी बैटरी की कीमत 10 रुपये से 6 गुना बढ़कर 60 रुपये और मोबाइल के खराब हो चुके फोल्डर की कीमत 5 रुपये से 4 गुना बढ़कर बीस रुपये मिल रही है।
दुकानदार मोबाइल के स्क्रैब के कीमत ज्यादा बढ़ने की वजह इनमें कुछ मात्रा में सोने और चांदी होना मान रहे हैं। उनका मानना है कि पिछले दिनों सोने और चांदी कीमत बढ़ने के चलते मोबाइल स्क्रैब के ज्यादा दाम मिल रहे हैं। कुछ दुकानदार यह भी मान रहे हैं चीन के पास मोबाइल के खराब हो चुके पार्ट्स को रिसाइल करने की तकनीक विकसित हो चुकी है, जिसके चलते वहां से इसकी मांग ज्यादा हो रही है। वहीं, कई दुकानदार यह भी कह रहे हैं कि जैसे स्क्रैब का दाम ज्यादा मिल रहा है, वैसे ही मोबाइल कीमत भी बढ़ रही है। मोबाइल की कीमत आने वाले दिनों में और ज्यादा हो सकती है।
मोबाइल दुकानदार ऑसिफ सिद्दकी ने बताया कि पिछले तीन महीने से हमें मोबाइल स्क्रैब के ज्यादा दाम मिल रहे हैं। ऐसा सोने-चांदी की कीमत बढ़ने और चीन की ओर से किसी खास तकनीक विकसित होने की वजह से ऐसा हो सकता है। मोबाइल दुकानदार मोहम्मद शाकीर खान ने कहा कि हमें मोबाइल स्क्रैब की कीमत पहले से कही ज्यादा मिल रही है। पहले कम कीमत की वजह से मोबाइल के कई पार्ट्स फेंक दिए जाते थे, लेकिन अब उन्हें निश्चित रूप से स्क्रैब कारोबारियों को दे रहे हैं। मोबाइल दुकानदार हनी प्रजापति के मुताबिक अभी मोबाइल स्क्रैब की कीमत ज्यादा मिल रही है। लेकिन, मोबाइल का दाम भी तेजी से बढ़ रहा है। मोबाइल का काम आने वाले दिनों में काफी ज्यादा हो सकता है। मोबाइल दुकानदार अमित केसरवानी ने कहा कि भले ही इन दिनों मोबाइल स्क्रैब का दाम ज्यादा मिल रहा है और इससे फायदा हो रहा है। लेकिन, आने वाले दिनों में इसका नुकसान होने का भी अंदेशा है। इसको लेकर कई दुकानदार सशंकित हैं।
मोबाइल स्क्रैब के ज्यादा दाम मिलने से बढ़ गई बाजार में हलचल
प्रयागराज के शाहगंज स्थित मोबाइल बाजार सहित कई बाजारों में इन दिनों कई दुकानदारों का ध्यान मोबाइल स्क्रैब पर ही केंद्रित हो गया है। कई दुकानदार स्क्रैब जुटाते हैं और फिर उसे बाजार में भ्रमण कर रहे स्क्रैब कारोबारियों को बेच देते हैं। कई मोबाइल दुकानदारों ने स्क्रैब लेकर उसे बेचने का ही कारोबार शुरू कर दिया है। दुकानदारों के मुताबिक वो किसी स्क्रैब कारोबारी को मोबाइल बेचते हैं तो वो दिल्ली के करोलबाग तक स्क्रैब पहुंचाता है। उनके मुताबिक यह स्क्रैब चीन तक पहुंचाया जा रहा है। वहीं, मोबाइल स्क्रैब के कारोबारी नहीं चाहते कि उनके कारोबार के बारे में ज्यादा लोगो तक जानकारी पहुंचे। उन्हें अंदेशा है कि ऐसा होने पर उनका लाभ कम हो सकता है।
UP HIGHLIGHTS में प्रकाशित ये ख़बरें भी पढ़िए-
NEW YEAR CALENDAR: साल 2026 की छुट्टियों का कैलेंडर जारी, 24 दिन सार्वजनिक और 31 दिन निर्बंधित अवकाश

