PRAYAGRAJ ZONE BUREAU: प्रयागराज माघ मेला क्षेत्र के सेक्टर-चार स्थित सतुआ बाबा के शिविर में प्रदीप मिश्रा ने दूसरे दिन शिव महापुराण की कथा जारी रखी। कथा सुनने पहुंचे लाखों लोगों को कथावाचक प्रदीप मिश्रा ने भगवान शिव की महिमा से जुड़ी कई घटनाएं बताई। उन्होंने कहा कि शिव मंदिर में ही मिलेंगे, यह जरूरी नहीं है। शिव श्मशान में भी मिल सकते हैं। घर के अंदर भी मिल सकते हैं और कहीं भी मिल सकते हैं।
उन्होंने सभी से भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए एक लोटा जल अर्पित करने के लिए कहा। साथ ही श्रद्धालुओं को श्री शिवाय नमोस्तुभ्यं का भी मंत्र दिया। उन्होंने कथा के दौरान मनोहरा के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि उसने गरीबी के चलते बिना लोटे के ही मुंह से भगवान शिव को पूरी श्रद्धा के साथ जल अर्पण करना जारी रखा और एक दिन भगवान शिव ने उसे दर्शन दिया।
प्रदीप मिश्रा ने बताया कि मृत्युलोक में महादेव विराजमान हैं। शिव प्रयागराज की धरती पर भी हैं। उन्होंने कहा कि घर के पास जो शिव मंदिर है, उसमें पहले पूरे मन से जल चढ़ाना चाहिए। उनके बाद ही दूर के मंदिरों में जाने का विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिव वस्तुओं से नहीं रिझते, उन्हों प्रसन्न करने के लिए एक लोट जल होना जरूरी है। अपने जीवन के दुख को मिटाने के लिए भी यह जरूरी है।
कई पंडालों में एलईडी स्क्रीन के लिए श्रद्धालुओं ने सुनी कथा
सतुआ बाबा के शिविर में कथावाचक प्रदीप मिश्रा की ओर कही जा रही शिव महापुराण की कथा सुनने के लिए देश के कई हिस्सों से श्रद्धालु पहुंचे थे। एक अनुमान के मुताबिक ढाई लाख से ज्यादा श्रद्धालु कथा सुनने के लिए दोपहर डेढ़ से शाम चार बजे तक मौजूद रहे। मुख्य पंडाल के साथ ही अन्य पंडालों में एलईडी स्क्रीन के लिए कथा का लाइव प्रसारण किया जाता रहा। अन्य पंडालों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा का लाइव प्रसारण देखा और सुना। वहीं, इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। कई जगहों पर पुलिसकर्मी कथा को सकुशल संपन्न कराने के लिए तैनात रहे। भगदड़ या किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसका सतुआ बाबा के शिविर और पुलिसकर्मियों की ओर से पूरा ध्यान रखा गया।
UP HIGHLIGHTS में प्रकाशित ये ख़बरें भी पढ़िए-
NEW YEAR CALENDAR: साल 2026 की छुट्टियों का कैलेंडर जारी, 24 दिन सार्वजनिक और 31 दिन निर्बंधित अवकाश

