PRAYAGRAJ ZONE BUREAU: इंडियन ऑयल और भारत पेट्रोलियम ने प्रयागराज में हाल ही में 10 किलोग्राम का एफटीएल सिलिंडर लॉन्च किया है। अपने इस सिलिंडर को जहां इंडियन ऑयल ने इंडेन एक्स्ट्रा लाइट नॉउ नाम दिया है, वहीं भारत पेट्रोलियम ने भारत गैस लाइट जिप नाम दिया है।

तेल कंपनियों के अधिकारी इसे घरेलू सिलिंडर का बेहतर विकल्प बता रहे हैं। उनके मुताबिक इसके उपयोग के दौरान सिलिंडर की संख्या की कोई सीमा नहीं है। इसलिए यह उन ग्राहकों के लिए विशेष रूप से उपयोगी है, जिनकी एलपीजी की आवश्यकता अधिक है। इसके साथ ही दोनों तेल कंपनियां बुकिंग के तीन घंटे के अंदर डिलीवर किए जाने की व्यवस्था का दावा कर रही हैं।

बता दें कि प्रयागराज में इंडेन के मंडल कार्यालय में मंडल एलपीजी प्रमुख राजेश जौहरी ने 19 अगस्त को 10 किलोग्राम इंडेन एक्स्ट्रालाइट नॉउ सिलिंडर एफटीएल सिलिंडर को लॉन्च किया। इस दौरान मैनेजर सेल्स अरुण कुमार के साथ कार्यालय की टीम और इंडेन गैस वितरक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान एक ग्राहक को नया कनेक्शन प्रदान किया गया और सुरक्षा कवच भी सौंपा गया।

वहीं, मुख्य अतिथि के तौर पर मेयर गणेश केसरवानी ने 14 अगस्त को भारत गैस लाइट जिप लॉन्च किया। जिला पूर्ति अधिकारी सुनील सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही भारत पेट्रोलियम के टेरिटरी मैनेजर एलपीजी तुषार पाईमोडे, टेरिटरी मैनेजर रिटेल मौसम सत्य खौंड, सीनियर मैनेजर सेल्स एलपीजी पवन भारती सहित कंपनी के अन्य अधिकारी, भारत गैस वितरक, व्यावसायिक प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इंडियन ऑयल के मंडल एलपीजी प्रमुख राजेश जौहरी के मुताबिक इंडेन एक्स्ट्रा लाइट नाउ सिलिंडर की शुरुआत इंडियन ऑयल के बेहतर और सुविधाजनक एलपीजी उत्पाद उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह हल्का और आसानी से ले जाया जाने वाला एलपीजी सिलिंडर है। इसे ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह उत्पाद अधिक एलपीजी उपयोग करने वाले ग्राहकों और ऐसे ग्राहकों के लिए अच्छा विकल्प है, जिन्हें वर्तमान व्यवस्था के तहत नया घरेलू एलपीजी कनेक्शन नहीं मिल पा रहा है। इससे प्रयागराज और आस-पास के क्षेत्रों में अधिक संख्या में ग्राहकों तक एलपीजी सुविधा पहुंचाने में मदद मिलेगी। 

भारत पेट्रोलियम के सीनियर मैनेजर सेल्स एलपीजी पवन भारती के मुताबिक भारत गैस लाइट जिप भारत पेट्रोलियम की एक ग्राहक केंद्रित एलपीजी सेवा है। यह विशेष रूप से उन ग्राहकों के लिए तैयार किया गया है, जो प्रीमियम एलपीजी अनुभव चाहते हैं। यह पहल एलपीजी सेवाओं को अधिक स्मार्ट, सुलभ और व्यक्तिगत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। बुकिंग के चार घंटे के भीतर सिलिंडर की डिलीवरी से ग्राहकों को तेज और सुविधाजनक सेवा का अनुभव मिलेगा। इस सिलिंडर की जंगरोधी कम्पोजिट बॉडी है, जिसके जरिए गैस के स्तर की स्पष्ट दृश्यता होती है। कम दस्तावेज के साथ तुरंत कनेक्शन प्राप्त किया जा सकता है। 

ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूशन फेडरेशन के मंडल महामंत्रीमोहित मिश्र ने बताया किइस सिलिंडर के लिए बस किसी एक आईडी की जरूरत होगी। इंडियन ऑयल ने इस सिलिंडर की कीमत अगस्त महीने के लिए 4814 रुपये निर्धारित हैं। इसमें 1628 रुपये का रिफिल चार्ज शामिल है। हर महीने कीमत में कुछ बदलाव हो सकता है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed