HIGHLIGHTS NEWS NETWORK: महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव के साथ ही लोकसभा की 2 सीटों और अलग-अलग राज्यों की 46 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे शनिवार (23 नवंबर 2024) को मतगणना के बाद घोषित कर दिए गए। महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व में महायुति ने प्रचंड जीत हासिल की है। 288 सीटों वाले महाराष्ट्र में महायुति को 236 सीटें मिलीं, जबकि महाविकास अघाड़ी सिर्फ 48 सीटों पर जीत हासिल कर सका। ये लगातार तीसरा चुनाव रहा, जब राज्य में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनी। भाजपा ने इस चुनाव में अकेले 132 सीटें जीतीं। वहीं, शिवसेना (शिंदे गुट) ने 57 और अजित पवार की एनसीपी ने 41 सीटें जीतीं। महाविकास अघाड़ी में शामिल उद्धव ठाकरे की शिवसेना को 20, कांग्रेस को 16 और शरद पवार की एनसीपी को 10 सीटों पर जीत मिली।
वहीं, झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा की सत्ता में वापसी हुई है। यहां झारखंड मुक्ति मोर्चा 34 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रहे राष्ट्रीय जनता दल को 4 और सीपीआईएम ने 2 सीटों पर जीत हासिल की है। इसके अलावा आजसू, एलजेपी, जेएलकेएम और जदयू 1-1 सीटें जीतने में सफल रहे। भाजपा को 21 और कांग्रेस ने 16 सीटों पर जीत हासिल हुई।
लोकसभा उपचुनाव में केरल की वायनाड सीट पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी की जीत हुई, वहीं महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर कांग्रेस के रविंद्र चव्हाण की जीत हुई। विधानसभा उपचुनाव में उत्तर प्रदेश की 9 में से 7 सीटों पर भाजपा और 2 सीटों पर सपा की जीत हुई। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल विधानसभा की 6 सीटों पर उपचुनाव हुए, जिसमें सभी सीटों पर तृणमूल कांग्रेस की जीत हुई। राजस्थान की 7 सीटों में से 5 सीटों पर भाजपा तकी जीत हुई। वहीं, एक सीट पर कांग्रेस और एक सीट पर भारत आदिवासी पार्टी की जीत हुई। बिहार विधानसभा की 4 सीटों पर उपचुनाव हुए, जिसमें सभी सीटों पर एनडीए के उम्मीदवारों की जीत हुई। 2 सीट भाजपा, 1 हम और 1 पर जेडीयू के खाते में गई है। कर्नाटक विधानसभा की 3 सीटों पर उपचुनाव हुए, जिसमें सभी सीटों पर कांग्रेस की जीत हुई। असम की 5 में से 3 सीटों पर भाजपा की जीत हुई। यहां एक सीट पर असम गण परिषद और 1 सीट पर यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल की जीत हुई। पंजाब में 4 में से 3 सीटों पर आम आदमी पार्टी और एक पर कांग्रेस की जीत हुई। मध्य प्रदेश में 2 में 1 सीट पर कांग्रेस और 1 सीट पर भाजपा की जीत हुई। केरल में 2 में से 1 सीट पर कांग्रेस और 1 सीट पर के सीपीएम की जीत हुई। गुजरात. छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, मेघालय में 1-1 सीट पर उपचुनाव हुए। गुजरात. छत्तीसगढ़, उत्तराखंड भाजपा की जीत हुई। मेघालय में नेशनल पीपुल्स पार्टी की जीत हुई। सिक्किम में 2 सीटों पर उपचुनाव हुए, जिसमें सिक्किम क्रन्तिकारी मोर्चा के 2 उम्मीदवारों की निर्विरोध जीत हुई।
UP HIGHLIGHTS में प्रकाशित ये ख़बरें भी पढ़िए-