AGRA-MATHURA ZONE BUREAU: मथुरा में राधा जी के गांव बरसाना स्थित श्रीजी मंदिर परिसर में 17 मार्च यानी रविवार से लड्डू होली के साथ रंगोत्सव-2024 की शुरुआत हो गई है। इससे पहले अनेक सखियां होली खेलने का निमंत्रण देने के लिए बरसाना से नंदगांव के नंदभवन पहुंचीं। इसके साथ ही रंगोत्सव-2024 की शुरुआत हुई। इससे पहले पर्यटन विभाग, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और जिला प्रशासन ने सारी तैयारियां पूरी कर लीं। बरसाना में मंच सजे हैं। जगह जगह स्वागत द्वार बनाए गए हैं। मुख्य आयोजन राधा बिहारी इंटर कॉलेज में बने मंच पर शुरू हुए। एक ओर स्थानीय और बाहर के कलाकार मंच पर होली की मस्ती भरे गीत एवं रसिया प्रस्तुत करते रहे तो दूसरी ओर श्रीजी मंदिर में लड्डू होली खेली गई।
आज लट्ठमार होली खेली जा रही है। लट्ठमार होली खेलने के लिए नंदगांव के हुरियारे और बरसाने की हुरियारिनें तैयार हैं। लाठियों को और ढालों को फिट कर लिया गया है। मंदिर प्रशासन ने बहुत बड़ी मात्रा में टेसू के रंग तैयार किए हैं। बरसाना और दाऊजी के अलावा मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन, गोकुल, नंदगांव में अपनी-अपनी तरह की अनोखी होली खेली जाती है। ब्रज की प्रसिद्ध होली देखने के लिए न केवल देश, बल्कि बड़ी संख्या में विदेश के पर्यटक भी आतुर हैं। बरसाना की लड्डू होली और अगले दिन की लट्ठमार होली तो विश्वभर में प्रसिद्ध है।
ब्रज में 40 दिन तक होली का उत्सव
वैसे ब्रज में 40 दिन तक होली का उत्सव चलता है, लेकिन असली उत्साह होली के एक सप्ताह पहले से बढ़ने लगता है। फाल्गुन दशमी 19 मार्च को नंदगांव के नंद भवन में लट्ठमार होली भी दर्शकों के लिए अनूठी होने वाली है। 20 मार्च को वृंदावन में रंगभरनी एकादशी को बिहारी जी मंदिर में रंग डाला जाएगा। 21 मार्च को गोकुल में छड़ीमार होली होगी। इसी दिन बांके बिहारी मंदिर में फूलों की होली होगी। 24 मार्च को द्वारकाधीश मंदिर में होली होगी। चौबे समाज का होलीगेट तक डोला भी निकलेगा। मथुरा के होलीगेट पर रात्रि में होलिका दहन होगा।
26 मार्च को जाब का हुरंगा
25 मार्च को पूरे ब्रज में होली का उत्सव (धुलेंडी) मनाया जाएगा। 26 मार्च को दाऊजी के विशाल मंदिर में हुरंगा होगा। 26 मार्च को ही जाब का हुरंगा, जाब गांव में होगा। इसी दिन चरकुला नृत्य राधा जी ननिहाल मुखराई होगा। 27 को गिडोह और बठैन में होली का आयोजन है। 31 मार्च को छड़ीमार होली पुरानी महावन में और एक अप्रैल को श्रीरंग जी मंदिर वृंदावन में होली के साथ समापन होगा।
UP HIGHLIGHTS की ये ख़बरें भी पढ़िए –
- HOLI 2025: होली के रंग में सराबोर हुई कान्हा की नगरी .. बांके बिहारी मंदिर में सोने की पिचकारी से बरसा रंग.. दर्शन के लिए उमड़े भक्त
- ICC CHAMPIONS TROPHY : चैंपियंस ट्रॉफी में टीम इंडिया की जीत.. उत्तर प्रदेश में भी लोगों ने जमकर मनाया जश्न.. सड़कों पर की आतिशबाजी
- UP WEATHER UPDATE: उत्तर प्रदेश के 18 जिलों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार.. अब रात का तापमान भी बढ़ेगा.. होली के दिन ऐसा रहेगा मौसम
- PRAYAGRAJ NEWS: महाकुंभ के समापन के बाद संगम क्षेत्र को ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनाने की योजना, इंफ्रास्ट्रक्चर की सभी सुविधाओं का किया जाएगा विस्तार
- YOGI GOVERNMENT DECISIONS: योगी सरकार का शिक्षकों के लिए बड़ा फैसला.. गंभीर रोग होने पर 1 लाख रुपये की मदद.. बेटी की शादी के लिए भी बढ़़ाई अनुदान राशि